बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात, नौकर ने कुल्हाड़ी से मालिक की हत्या कर जंगल से फरार

14 मार्च: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत सलवाड़ के गूगा मल्होट जंगल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पैसों के कथित लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक नौकर ने अपने ही मालिक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक कुल्लू जिले का निवासी था, जबकि आरोपी नौकर कांगड़ा जिले के पालमपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है। मृतक अपने दो नौकरों के साथ भेड़-बकरियों के साथ पिछले दिसंबर से गूगा मल्होट के जंगल में डेरा डाले हुए था। बताया जा रहा है कि बीती रात मालिक और आरोपी नौकर के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हो गई थी।

आरोप है कि देर रात आरोपी ने सो रहे मालिक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल के रास्ते फरार हो गया।

घटना की सूचना दूसरे नौकर ने पुलिस थाना तलाई को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *