7 मार्च: बिलासपुर जिले में अवैध कटान के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में ग्वालथाई क्षेत्र के नैला और धार पंजीगल जंगल में खैर के 32 पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है।
वन रक्षक अजय कुमार ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है कि 2 मार्च को गश्त के दौरान जंगल में कई पेड़ कटे हुए पाए गए, जिनमें सूखे और हरे दोनों प्रकार के पेड़ शामिल थे। विभाग के अनुसार मौके के आसपास एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा गया था, जिस पर अवैध कटान का संदेह जताया गया है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार पिछले कुछ महीनों में जिले में अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। डीएफओ बिलासपुर राजीव कुमार ने कहा कि विभाग जंगलों की निगरानी बढ़ा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।