बिलासपुर में आधी रात गौशाला में भीषण आग, पशु सुरक्षित; परिवार को भारी नुकसान

1 फरबरी: बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत कचौली के साईं कनेता गांव में देर रात एक गौशाला में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरी गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते वह जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार यह गौशाला सुरेश कुमार की थी। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए गौशाला में बंधे सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से गौशाला से सटे रिहायशी मकान को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक सड़क सुविधा न होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी, जिससे आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस आगजनी में गौशाला में रखा चारा, लकड़ी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने गांव तक सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में आपात स्थिति में समय पर सहायता मिल सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *