26 फरवरी: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने टैक्सी सवार तीन युवकों से चिट्टा तथा एक मोटरसाइकिल सवार से भारी मात्रा में चरस बरामद की।
पहली कार्रवाई सदर थाना पुलिस द्वारा बीती रात की गई। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर लगाए गए नाके के दौरान कीरतपुर की ओर से आ रही टैक्सी (HP-01M-3272) को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार तीन युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 7.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुजेंद्र कुमार (25) निवासी लंबा थाच, भूपेंद्र (19) निवासी मरोट तथा यशपाल (18) निवासी मंडप, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।
दूसरी कार्रवाई वीरवार तड़के करीब 3:45 बजे पट्टा क्षेत्र में की गई। मंडी-भराड़ी मार्ग से आ रही मोटरसाइकिल (HP-22B-7656) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बाइक चालक राजीव कुमार (41), निवासी गांव धनेड, जिला हमीरपुर के कब्जे से 359.76 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। दोनों मामलों में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।