06 फरवरी अभिषेक मिश्रा: जिला पशुपालन विभाग बिलासपुर द्वारा पशु चिकित्सालय देओथ में निःशुल्क एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) एवं एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 17 आवारा कुत्तों की नसबंदी की गई, जिनमें 10 मादा और 7 नर कुत्ते शामिल रहे। इसके साथ ही नसबंदी किए गए कुत्तों सहित कुल 30 कुत्तों को एंटी रेबीज टीकाकरण प्रदान किया गया।
शिविर में उपयोग की गई एंटी रेबीज वैक्सीन एवं अन्य आवश्यक दवाइयां पशुपालन विभाग बिलासपुर द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. राम स्वरूप, पशु चिकित्साधिकारी, केंद्रीय पशु चिकित्सालय डिस्पेंसरी टेपरा तथा डॉ. शोभा धीमान, पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्सालय देओथ का विशेष योगदान रहा।
इसके अलावा अस्पताल स्टाफ में राकेश कुमार (वरिष्ठ पशु औषधि संयोजक), महेंद्र कुमार, उमा देवी, देवेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, कपिल और शुभम ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। डॉ. राम स्वरूप ने जानकारी देते हुए बताया कि पशुपालन विभाग इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से आवारा पशुओं की संख्या नियंत्रित करने और जन-स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।