14 मार्च: चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में बिजली लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार दोपहर एडीआईटी-06 के पास हुआ। परिजनों ने इस घटना के लिए बिजली सब-स्टेशन के सुपरवाइजर और संबंधित कंपनी प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।
मृतक की पहचान टटरोग निवासी छम्मू (पुत्र बशीर मोहम्मद) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई के साथ पिछले दो वर्षों से खड़ामुख-बैराज साइट के बीच बिजली लाइन से जुड़े कार्य में लगा हुआ था। काम शुरू करने से पहले उसने सब-स्टेशन से बिजली सप्लाई बंद होने की पुष्टि भी की थी।
इसके बावजूद पोल पर चढ़ते ही उसे अचानक करंट लग गया, जिससे वह संतुलन खोकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। साथियों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया है। प्राथमिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर सुपरवाइजर और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।