बिजली बोर्ड में पुरानी पेंशन बहाली व अन्य मांगें जल्द पूरी न हुई तो 24 जून को करेंगे धरना प्रदर्शन: लक्ष्मण काप्टा

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

अमित पराशर, कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ जिला कांगड़ा की बैठक जिलाध्यक्ष सुनित सिंह की अध्यक्षता में कांगड़ा में आयोजित की गई। इस बैठक में विशेष रुप से हिमाचल प्रदेश विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण काप्टा के अलावा पूरे जिले से आए भिन्न-भिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि विद्युत बोर्ड में पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री के बार-बार सार्वजनिक मंचों से घोषणा करने के साथ-साथ दिशा निर्देश देने के बावजूद बोर्ड प्रबंधन इस न्यायोचित मांग को पूरा करने में अभी तक असफल रहा है। इसके अलावा संघ के साथ वार्ता में मानी गई 21 सूत्रीय मांगों को लागू न करना समझ से परे है। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रबंधन वर्ग को चेताया है कि अगर बिजली बोर्ड में पुरानी पेंशन जल्द से जल्द बहाल नहीं की गई और इसके साथ संघ को 15 दिन के भीतर 21 सूत्रीय मांगों के संबंध में वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया तो 24- 06- 2023 को बिजली बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस में जोरदार धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से भारी संख्या में तकनीकी कर्मचारी भाग लेंगे। उन्होंने प्रबंधन वर्ग को चेतावनी दी है कि इस दौरान अगर प्रदेश भर में विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन वर्ग की होगी।

इसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति में अधीक्षण अभियंता विद्युत वृत्त कांगड़ा इंजी. पुनीत सोंधी के साथ तकनीकी कर्मचारियों को फील्ड में पेश आ रही समस्याओं के बारे में मांग पत्र सौंपने के साथ ही विस्तार पूर्वक चर्चा भी की गई, जिसमें मुख्य रुप से टी-मेट, हेल्पर, एसएसए, लाइनमैन की लंबित कंफर्मेशन करने के साथ-साथ फील्ड में आवश्यक समान जैसे फ्यूज वायर, रोलर, मीटर इत्यादि को उपलब्ध कराया जाए।

वर्चुअल माध्यम के साथ जुड़े अधीक्षण अभियंता ने संघ के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि एक हफ्ते के भीतर उपरोक्त तकनीकी कर्मचारियों की कंफर्मेशन कर दी जाएगी। इसके अलावा फील्ड में आवश्यक सामान भी जल्द से जल्द उपलब्ध करवा दिया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *