25 मार्च: दियोटसिद्ध स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर में चैत्र मेले के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र की 68 वर्षीय महिला श्रद्धालु कृष्णा कुमारी की मंदिर परिसर में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे महिला दर्शन के लिए मंदिर के पास पहुंची थीं, तभी वह अचानक अचेत होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों ने तुरंत जांच की, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
प्राथमिक रूप से मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
मंदिर ट्रस्ट ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी है। वहीं, मेले के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन अब स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर विचार कर रहा है।