बाढ़ विस्थापितों को फिर बसाएगी सरकार: सीएम सुक्खू

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

नाहन। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि बाढ़ विस्थापितों का पुनर्वास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। शुक्रवार को सिरमौर जिला के एक दिवसीय बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 50 वर्षों के भीतर इस बार प्रदेश में सर्वाधिक त्रासदी हुई है। सिरमौर जिला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों सतौन, सिरमौरी ताल, अंबोण व नाहन क्षेत्र के कंडईवाला व अन्य क्षेत्रों का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के साथ बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिला के पांवटा उपमंडल के सिरमौरी ताल में परिवार के पांच सदस्यों को खोने वाले विनोद कुमार को 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश व बाढ़ के कारण जिन लोगों के घर, मकान व जमीन पूरी तरह से तबाह हो गए हैं, सरकार ऐसे प्रभावित परिवारों का सरकारी जमीन पर पुनर्वास करेगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बादल फटने की घटना व बाढ़ व भू-स्खलन के कारण प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां हुई क्षति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंबोण में बीते दिनों बाढ़ की चपेट में आए 22 मकानों के प्रभावित प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने आशियाने व खेत-खलिहान खो दिए हैं, सरकार उन परिवारों के पुनर्वास को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में व्यापक नीति बनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *