1 मार्च: राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं लोक शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार बागवानी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, आधुनिक तकनीकों के समावेश और विपणन सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से किसानों और बागवानों की आय बढ़ाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है।
चार दिवसीय जिला सिरमौर प्रवास के दौरान पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ में मंत्री ने पीसीडीओ (फल पौध एवं प्रदर्शन केंद्र) तथा ऐतिहासिक फल विधायन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसंस्करण क्षमता, कोल्ड स्टोरेज, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता सुधार और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने एचपी शिवा क्लस्टर इकाइयों का निरीक्षण कर किसानों-बागवानों की समस्याएं भी सुनीं। राजगढ़ क्षेत्र में कीवी उत्पादन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा देने पर बल दिया, जिससे लागत घटेगी और आय में वृद्धि होगी।
इस दौरान 1.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘हिमकु’ के नए बिक्री केंद्र का उद्घाटन भी किया गया। किसान संवाद कार्यक्रम में बागवानों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर मंत्री ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान कुछ विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए भविष्य में सभी संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।