28 मार्च: ज्वालामुखी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एचआरटीसी बस में सफर कर रहे एक महिला और एक पुरुष को 447 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि नादौन से ज्वालामुखी की ओर जा रही बस में नशे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप पटियाल के नेतृत्व में टीम ने नाका लगाकर सराहन-चिंतपूर्णी रूट की बस को रोका। तलाशी के दौरान दो संदिग्ध यात्रियों के सामान से 447 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान कृष्ण सिंह ठाकुर (47) निवासी ठियोग और वीना देवी (46) निवासी कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुद को ज्वालामुखी मंदिर दर्शन के लिए जा रहा बताया, लेकिन बरामदगी के बाद पुलिस को शक गहरा गया है।
पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है, ताकि पता लगाया जा सके कि नशा कहां से लाया गया और आगे कहां सप्लाई होना था। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।