13 अप्रैल: सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, नाजिया अपने पति वकील अली के साथ बाइक पर सवार होकर अपने कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। दुर्भाग्यवश महिला टैंकर के पिछले पहियों की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ने न तो वाहन रोका और न ही घायलों की मदद की, बल्कि टैंकर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बरोटीवाला थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। साथ ही हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।