13 मार्च: बिलासपुर जिले के बरमाणा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 94.23 ग्राम चरस बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार बरमाणा पुलिस की टीम एसीसी चौक के पास गश्त और नाकाबंदी पर थी। इस दौरान रेन शेल्टर के पास खड़े एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 94.23 ग्राम चरस बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान लवली कुमार निवासी तहसील धर्मपुर, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।