27 फरवरी: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के काठा इलाके में स्थित एक मोबाइल दुकान में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हथियारबंद नकाबपोशों ने दुकान में घुसकर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए तथा विरोध करने पर हमला भी किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे ‘चंदन कम्यूनिकेशन सेंटर’ में हुई। एक बाइक पर सवार तीन युवक दुकान के बाहर पहुंचे। योजना के तहत एक आरोपी बाहर बाइक चालू रखकर खड़ा रहा, जबकि दो अन्य नकाब पहनकर दुकान के अंदर दाखिल हुए।
उस समय दुकान में मालिक चंदन और उनके परिचित फिरोज मौजूद थे। अंदर घुसते ही आरोपियों ने शटर गिरा दिया। एक आरोपी ने दुकानदार को हथियार दिखाकर डराया, जबकि दूसरे ने वहां मौजूद व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिससे उसे हल्की चोटें आईं।
बदमाश दुकान के काउंटर में रखी नकदी और तीन मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। लुटेरों के जाते ही दुकानदार ने शटर उठाकर शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से भाग चुके थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अशोक वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए नाकेबंदी की गई है।