07 फरवरी: जिला बद्दी में सड़क हादसों के दो अलग-अलग मामलों में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। पहली घटना पुलिस थाना बद्दी के अंतर्गत भुड बैरियर के समीप सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार टैंकर ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी के पीछे बैठी युवती सड़क पर गिर गई और टैंकर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान काजल पुत्री राजकुमार, निवासी मोहल्ला होलीपुरा, तहसील हसनपुरा, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दूसरी ओर, पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत न्यू नालागढ़ रोड पर एक स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार धर्मपाल और अंजू देवी, निवासी गांव गागुवाल, तहसील नालागढ़, घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल नालागढ़ पहुंचाया गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक भी मौके से फरार हो गया।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने दोनों दुर्घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने टैंकर चालक और स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज कर लिए हैं और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।