12 मार्च : चम्बा शहर के लोअर जुलाहकड़ी क्षेत्र में 7वीं कक्षा की एक छात्रा की रावी नदी में मौत होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार छात्रा बुधवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान वह रावी नदी के किनारे पहुंच गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे पानी में देखा तो तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
संयुक्त प्रयास से छात्रा को नदी से बाहर निकालकर तुरंत मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और घटना के कारणों की जांच जारी है।