पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन पर पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं से जताया दुःख

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

06 मई। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का गुरुवार को निधन हो गया है। वह कोरोना से संक्रमित होने के बाद इलाज करा रहे थे। चौधरी अजित सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। गुरुवार सुबह छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर देश के शीर्ष नेताओं ने शोक व्यक्त किया

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर लिखा कि राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख और पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन की सूचना से दुख‌  हुआ। उन्होंने किसानों के हित में हमेशा आवाज उठायी। जनप्रतिनिधि व मंत्री के रूप में उन्होंने देश की राजनीति पर अलग छाप छोड़ी। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं ।

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वह हमेशा किसानों के हितों के लिए आगे रहे। दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार व समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ।  उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।ॐ शान्ति!

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि  पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जुझारू किसान नेता चौधरी अजीत सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धाजंलि। विनम्र श्रद्धांजलि।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि लोकप्रिय नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान हितैषी नेता चौधरी अजीत सिंह जी के निधन की दुखद खबर मिली। चौधरी साहब के निधन से समाज एवं राजनीति को अपूर्णीय क्षति हुई है। जयंत चौधरी और आरएलडी साथियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर चौधरी साहब को श्रीचरणों में स्थान दें।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर लिखा कि राष्ट्रीय लोकदल (आर.एल.डी.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद तथा अपने समाज के लोकप्रिय नेता चौधरी अजित सिंह के निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व उनके समस्त चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *