27 मार्च: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज (27 मार्च) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहम बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक पश्चिम एशिया में अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र बुलाई गई है, जिसमें देशभर के मुख्यमंत्रियों से मौजूदा हालात पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में खासतौर पर पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की सप्लाई, जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग को रोकने के उपायों पर फोकस रहेगा। केंद्र सरकार पहले ही इन मुद्दों को लेकर सख्ती दिखा चुकी है और अब राज्यों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति को नियंत्रित करने की रणनीति तैयार की जा रही है।
इसके अलावा, युद्ध के संभावित असर और आम जनता पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी चर्चा होगी। यह संवाद राष्ट्रीय स्तर पर तालमेल बढ़ाने और संकट से निपटने की संयुक्त तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि हिमाचल की नदियां पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्यों को लाभ पहुंचा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में बिजली नीति में सुधार की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में बिजली सस्ती होने की उम्मीद है।