पीएम आवास योजना के नाम पर साइबर ठगी, फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़े 7 लाख रुपये

05 फरवरी : डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर ठग अब सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के नलसूहा गांव से सामने आया है, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े एक फर्जी लिंक पर क्लिक करने से व्यक्ति के बैंक खाते से करीब सात लाख रुपये की राशि निकाल ली गई।

नलसूहा निवासी रविकांत ने बताया कि 20 जनवरी को उनके व्हाट्सएप पर पीएम आवास योजना से संबंधित एक लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन असामान्य रूप से काम करने लगा और कुछ ही देर में फोन हैक हो गया। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत देहरा स्थित अपने निजी बैंक से संपर्क कर खाते को फ्रीज करने का अनुरोध किया।

पीड़ित का आरोप है कि बैंक को समय रहते मोबाइल हैक होने की जानकारी देने के बावजूद खाते को सुरक्षित करने में लापरवाही बरती गई। इसी दौरान ठगों ने उनका सिम कार्ड भी बंद करवा दिया, जिससे बैंक लेनदेन से संबंधित कोई अलर्ट उन्हें प्राप्त नहीं हो सका।

दो दिन बाद जब मोबाइल और सिम पुनः चालू हुए, तो पता चला कि उनकी करीब सात लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज सहित तोड़कर राशि निकाल ली गई है। रविकांत का कहना है कि इस मामले में बैंक प्रबंधन की ओर से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

पीड़ित ने मामले को लेकर एसपी देहरा और साइबर क्राइम सेल में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साइबर ठगी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *