पालमपुर में युवक गिरफ्तार, किराये के कमरे से चरस बरामद

20 फरवरी: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पालमपुर पुलिस ने निहंग टीका क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कॉलेज विद्यार्थियों को चरस की सप्लाई करने का आरोप है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक युवक किराये के कमरे से नशीले पदार्थ का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना पालमपुर की टीम ने कमरे में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आरोपी अनुज शर्मा (21), निवासी कोसरी (जयसिंहपुर) को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने कमरे से चरस, एक डिजिटल तौल मशीन, 8,000 रुपये नकद और भूरे रंग की टेप से लिपटे नौ खाली लिफाफे बरामद किए। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि इन लिफाफों का उपयोग नशीले पदार्थ की पैकिंग के लिए किया जाता था।

कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया जाता था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *