पहाड़ी दरकने से कूंर-छतराड़ी-चम्बा मार्ग बंद, कई वाहन फंसे

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

बबलू सूर्यवंशी, छतराड़ी (चम्बा)  

10 मार्च। कूंर और छतराड़ी पंचायत को जिला मुख्यालय चम्बा से जोड़ने वाला मार्ग कोड़ला के पास बुधवार-वीरवार की मध्यरात्रि को पहाड़ी दरकने के चलते पूरी तरह से बंद हो गया है। भारी भरकम मलबा गिरने के चलते सड़क का नामोनिशान तक मिट गया है। सड़क में लगे डंगे तक पत्थर गिरने के चलते पूरी तरह से अपना अस्तित्व खो बैठे हैं। मार्ग पर मलबा गिरने  के चलते कई वाहन कूंर और छतराड़ी में फंस गए हैं।

गनीमत रही कि उक्त पहाड़ी देररात दरकी, उस समय यहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। अगर दिन के समय यह घटना होती तो जानी नुकसान भी हो सकता था। इस कारण क्षेत्र के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात करीब 11 बजे एक बड़े धमाके के साथ पहाड़ी दरक गई। पहले तो उन्होंने सोचा कि यहां प्रोजेक्ट के कार्य चल रहे हैं, ऐसे में हो सकता है कि वहां ब्लास्ट किया गया हो। मगर जब सुबह लोग अपने वाहनों को लेकर निकले तो कोड़ला के पास मार्ग बंद पाया। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को सूचित किया।


उधर, ये मार्ग बंद होने के चलते एक निजी बस भी कूंर में फंस कर रह गई। यह बस कूंर-चम्बा-पालमपुर रूट पर चलती है। सैकड़ों लोग पालमपुर से चम्बा और चम्बा से कांगड़ा आने के लिए इस बस में सफर करते हैं, लेकिन अब कई दिनों तक इस बस के बंद रहने से हजारों लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। मार्ग पर इतनी बड़ी मात्रा में मलबा पड़ा है कि अब इस मार्ग को जल्द खोलना काफी चुनौतीपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *