16 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के पशुपालन विभाग में ‘पशु मित्र’ पदों के लिए प्रस्तावित शारीरिक परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में पशुपालन निदेशालय, पाशुधन भवन, बालूगंज (शिमला) द्वारा 16 फरवरी 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ प्रशासनिक कारणों के चलते ‘पशु मित्र’ के चयन हेतु आयोजित की जा रही शारीरिक परीक्षा की प्रक्रिया को अगले आदेश तक रोक दिया गया है। इससे पूर्व विभाग की ओर से 3 जनवरी 2026 तथा 14 जनवरी 2026 को भी संबंधित पत्र जारी किए गए थे, जिनके संदर्भ में यह निर्णय लिया गया है।
कार्यालय आदेश के तहत सभी नियंत्रक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से शारीरिक परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया को स्थगित करें और आगामी निर्देशों की प्रतीक्षा करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगली सूचना जारी होने तक परीक्षा से संबंधित कोई भी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
इस निर्णय के बाद ‘पशु मित्र’ पद के लिए आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को अब विभाग की अगली अधिसूचना का इंतजार करना होगा। नई तिथि अथवा चयन प्रक्रिया के संबंध में अलग से सूचना जारी किए जाने की संभावना है। फिलहाल शारीरिक परीक्षा की प्रक्रिया अगले आदेश तक रुकी रहेगी।