आवाज़ ए हिमाचल
परवाणू, 1 मार्च। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी जाबली की टीम ने मुकाम टीटीआर परवाणू में नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो युवकों को चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को नियमित चेकिंग अभियान के तहत टीटीआर क्षेत्र में नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक आल्टो कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 5.70 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
मौके पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना परवाणू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान संबंधित वाहन को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। साथ ही दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को 2 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगामी जांच जारी है और नशे के खिलाफ अभियान भविष्य में भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।