पति से मिलने जेल पहुंची महिला, कपड़ों में छुपाकर लाई चिट्टा; स्टाफ ने किया बरामद

6 मार्च: जिला कारागार मंडी में एक महिला द्वारा जेल में बंद अपने पति से मुलाकात के दौरान नशीला पदार्थ अंदर ले जाने का मामला सामने आया है। सतर्क जेल स्टाफ ने तलाशी के दौरान महिला के पास से चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार वीरवार को जिला कारागार मंडी में कैदियों से परिजनों की नियमित मुलाकात चल रही थी। इसी दौरान सुनीता पत्नी सूरज कुमार शर्मा, निवासी डाकघर बागाचनोगी जिला मंडी, अपने पति से मिलने जेल पहुंची। मुलाकात की प्रक्रिया के दौरान जब महिला द्वारा लाए गए कपड़ों और अन्य सामान की जांच की गई तो ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को संदेह हुआ।

गहन तलाशी लेने पर कपड़ों के बीच छुपाकर रखा गया सफेद रंग का संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह पदार्थ चिट्टा पाया गया। बरामद नशीले पदार्थ का वजन करीब 1.3 ग्राम बताया गया है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस चौकी मंडी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *