पढ़ाई के दबाव में लापता युवक का 36 दिन बाद मिला शव, चमेरा जलाशय से बरामद

05 फ़रवरी : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बीते 36 दिनों से लापता युवक का शव मंगलवार को चमेरा जलाशय के पलेई क्षेत्र से बरामद किया गया है। युवक कांडी पुल से लापता हुआ था, जिसके बाद से पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार तलाश की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार चमेरा जलाशय में आवाजाही कर रहे नाविकों ने पलेई के पास पानी में एक शव को तैरते देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकाला। पहचान कांडी पुल से लापता युवक के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है।

परिजनों के अनुसार युवक शिमला में रहकर उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहा था और पिछले कुछ समय से पढ़ाई को लेकर मानसिक तनाव में था। इसी कारण वह कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया, जिसके चलते परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

लापता होने के बाद से ही पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी रही। नदी का तेज बहाव और जलाशय की अधिक गहराई सर्च ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बनी रही। लगभग पांच सप्ताह बाद शव पानी के बहाव के साथ पलेई क्षेत्र तक पहुंचा।

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। मामले की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *