12 मार्च: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-4 स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से करीब 24 कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार फेस-वन थाना क्षेत्र में स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड कंपनी में सुबह काम के दौरान अचानक आग भड़क उठी। उस समय फैक्ट्री के अंदर करीब 200 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 30 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद फैक्ट्री में फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग और धुएं के कारण करीब 24 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।