5 मार्च: तमिलनाडु में आयोजित अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में बिलासपुर के जुखाला क्षेत्र के दो युवा पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने ग्रीको-रोमन शैली में ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने कुल 11 पदक अपने नाम किए। जुखाला के गसौड़ गांव के जुड़वां भाई हसन खान और हुसैन खान भी टीम का हिस्सा रहे और दोनों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीते।
हसन खान ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया, जबकि उनके जुड़वां भाई हुसैन खान ने 57 किलोग्राम वर्ग में बेहतर प्रदर्शन कर रजत पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ी इन दिनों हनुमान अखाड़ा लखनपुर में कोच बलवीर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
हसन और हुसैन के चाचा इमरान खान ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि का श्रेय कोच बलवीर को जाता है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने खेल की बारीकियां सीखकर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी पहले भी राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में कई पदक जीत चुके हैं।
दोनों जुड़वां पहलवानों का चयन अब इंडिया कैंप के लिए भी हो गया है, जहां वे आगे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।