नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू, मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया शुभारंभ

6 मार्च: हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई पहल के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री का दौरा सुंदरनगर से शुरू हुआ, जहाँ पॉलिटेक्निक ग्राउंड हेलिपैड पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचे और नई स्वास्थ्य सुविधा को औपचारिक रूप से शुरू किया।

नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत से मंडी के साथ-साथ कुल्लू, लाहुल-स्पीति और हमीरपुर जैसे आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। इस तकनीक की मदद से जटिल सर्जरी अधिक सटीकता और कम जोखिम के साथ की जा सकेगी।

रोबोटिक तकनीक से ऑपरेशन के दौरान कम रक्तस्राव होता है और मरीज को जल्दी स्वस्थ होने में मदद मिलती है। इससे अब कई गंभीर सर्जरी के लिए मरीजों को चंडीगढ़ या दिल्ली जैसे बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम होगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि सरकारी अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *