26 फरवरी: कांगड़ा जिले के रक्कड़ थाना क्षेत्र के तहत बणी-परागपुर मार्ग पर सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जंगली नीलगायों के अचानक सामने आने से अनियंत्रित हुई एक टैक्सी सड़क से करीब 10 फीट नीचे ढांक में जा गिरी। हादसे में वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि चालक और यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार टैक्सी चालक नीरज चंदेल सुबह लगभग 3 बजे चंडीगढ़ से एक श्रद्धालु को माता बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए लेकर जा रहे थे। बणी-परागपुर मार्ग पर पहुंचते ही अचानक सड़क के बीच जंगली नीलगायों का झुंड आ गया। अंधेरे में जानवरों को बचाने की कोशिश में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठे और टैक्सी सड़क किनारे ढांक में गिर गई।
हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यात्री को कोई चोट नहीं आई, जबकि चालक के हाथ में मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने की बात कही है। सहायक अभियंता राजन कौशल ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा बैरियर लगाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस संबंध में कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि दुर्घटना का कारण अचानक वन्य जीवों का सड़क पर आ जाना बताया जा रहा है।