1 अप्रैल: सिरमौर जिला पुलिस की डिटेक्शन टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाहन में 6.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी पर कालाअम्ब से नाहन की ओर मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कांगनीवाला नेचर पार्क के पास नाकेबंदी कर स्कूटी को रोका।
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 6.68 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
आरोपियों की पहचान भानु गर्ग और अभिमन्यु ठाकुर, निवासी नाहन के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी।