28 फरवरी:पुलिस जिला बद्दी के तहत नालागढ़ के नंगल क्षेत्र में हुई फायरिंग, जानलेवा हमले और लूटपाट के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्लासड़ा निवासी बलविन्द्र सिंह उर्फ रिक्की ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी के साथ नंगल स्थित एक कंपनी के पास से गुजर रहा था, तभी कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने गोलियां चलाईं, तेजधार हथियारों से हमला किया और 25 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घायल अवस्था में दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया था। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि 22 फरवरी को पहले आरोपी महिन्द्र सिंह उर्फ दारा निवासी गोपी धुंधली को गिरफ्तार किया गया था। अब दूसरे आरोपी शुभम पुत्र नरेन्द्र सिंह निवासी नंगल को ढेरोवाल क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।