6 अप्रैल: विधानसभा हरोली के तहत एक गांव में नाबालिगा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल की शाम नाबालिगा अपनी बहन के साथ दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के एक युवक ने उसे पकड़ लिया। जब वह उससे छूटकर भागने लगी, तो मुंह ढके चार अन्य लड़कों ने उसे दोबारा पकड़कर उसी युवक के हवाले कर दिया।
आरोप है कि युवक उसे पास के ट्यूबवेल तक ले गया, जहां उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने बताया कि अगले दिन जब वह बाहर निकली, तो रास्ते में दो लोगों ने उसे धमकाया और मामला दबाने के लिए कहा।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही धमकी देने वाले दो अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
हरोली थाना प्रभारी सुनील संख्यान ने बताया कि मुख्य आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।