आवाज़-ए-हिमाचल
………सन्नी मैहरा,हमीरपुर
21 अक्टूबर : हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने जानकारी दी है कि विधानसभा क्षेत्र नादौन के उपमण्डल मुख्यालय में नवनिर्मित एफआरयू अस्पताल के भवन का उद्घाटन केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश के स्वास्थ मंत्री राजीव सैज़ल द्वारा कल 22 अक्तूबर को किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल भवन के निर्माण पर 4 करोड़ 65 लाख 78 हज़ार की धनराशि क व्यय हुआ है। निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व में भाजपा की धूमल सरकार के समय इस भवन का नींव पत्थर रखा गया था। लेक़िन कांग्रेस शासन काल में अस्पताल भवन के कार्य की धीमी गति से इसे जनता को समर्पित किये जाने में वेवजह देरी हुई। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार द्वारा उनके व्यक्तिगत प्रयासों से इस अस्पताल भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाई गई। यही वजह है कि 22 अक्तूबर को नवनिर्मित अस्पताल भवन जनता को समर्पित किया जायेगा। निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि समूचे विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को चाक चौबंद करना उनकी प्राथमिकता है। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिये मौजूदा जयराम सरकार कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि नादौन अस्पताल में हाल ही में चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के आदेश जारी दिए गए हैं,जोकि नादौन के इतिहास में पहली बार सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य जनसुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिये हर सम्भव प्रयास किया जायेगा ताकि लोगों को इन सुविधाओं के लिये दूरदराज जगहों पर नहीं भटकना पड़े।आज विजय अग्निहोत्री ने स्वयं अस्पताल जाकर तैयारियों का जायज़ा लिया व अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश जारी किए।