नशे में हादसा: 14 फीट से गिरा युवक, शरीर में घुसा सरिया; हालत नाजुक

27 मार्च: हिमाचल प्रदेश के ऊना-हमीरपुर मार्ग पर स्थित बड़सर (गलू) में एक गंभीर हादसा सामने आया है, जहां एक प्रवासी मजदूर ऊंचाई से गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। हादसे में युवक के शरीर में लोहे का सरिया घुस गया, जिसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय राजू चौहान निवासी आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह एक दुकान में काम करता था। बताया जा रहा है कि रात के समय वह कमरे से बाहर निकला और संतुलन बिगड़ने के कारण करीब 14 फीट नीचे गिर गया। नीचे मौजूद लोहे के सरिये से टकराने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। युवक को सरिये से अलग करने के लिए रेस्क्यू टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे चले ऑपरेशन के बाद उसे सिविल अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया।

प्राथमिक जांच में युवक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *