आवाज़ ए हिमाचल
परवाणू, 28 मार्च। अंतरराज्यीय सीमाओं पर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत, प्रभावी तथा समन्वित बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय, परवाणू में एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय सीमा समन्वय बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसडीपीओ परवाणू श्री अनिल शर्मा ने की। बैठक में SHO थाना कालका, SHO थाना पिंजौर, SHO ट्रैफिक कालका-पिंजौर, SHO परवाणू तथा SHO धर्मपुर सहित विभिन्न पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया और सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ती चुनौतियों, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश और पड़ोसी राज्य हरियाणा से जुड़े सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, आपसी तालमेल बढ़ाना तथा अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान अधिकारियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कई बार अपराधी तत्व राज्य सीमाओं का फायदा उठाकर कानून से बचने की कोशिश करते हैं, ऐसे में विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, फरार आरोपियों की जानकारी साझा करना, सक्रिय अपराधियों पर नजर रखना, नियम उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई करना तथा संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त रणनीति के तहत काम करना समय की आवश्यकता है। बैठक में नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों, संदिग्ध वाहनों की आवाजाही, असामाजिक तत्वों की निगरानी तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए संयुक्त नाकाबंदी और चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने यह भी निर्णय लिया कि सीमा क्षेत्रों में गुप्त सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, डिजिटल समन्वय और रियल टाइम इनपुट शेयरिंग को और मजबूत किया जाएगा, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ किसी भी घटना का शीघ्र अनावरण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में यह भी तय किया गया कि भविष्य में इस प्रकार की अंतरराज्यीय समन्वय बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। यह बैठक न केवल पुलिस विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, बल्कि आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने और प्रभावी पुलिसिंग को नई दिशा देने वाली पहल के रूप में भी देखी जा रही है।