11 अप्रैल : चंबा के उदयपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आतिश कुमार निवासी गांव उदयपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार शाम को रावी नदी किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली से रेत ढोने का काम चल रहा था। इसी दौरान आतिश कुमार अचानक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।