31 मार्च: हिमाचल प्रदेश के नगरोटा बगवां थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायका पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब 5 वर्ष पहले हुई थी और वह अपने सास-ससुर के साथ रह रही थी, जबकि उसका पति दूसरे राज्य में नौकरी करता है। पुलिस को देर रात सूचना मिली कि महिला ने घर में फंदा लगा लिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला को नीचे उतार दिया गया था। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मायका पक्ष का आरोप है कि महिला को शादी के बाद से ही प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी हत्या की गई है। महिला अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सास-ससुर को पूछताछ के लिए बुलाया है। फिलहाल, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।