28 मार्च: कुल्लू जिले के भुंतर थाना क्षेत्र में नकली पुलिस बनकर लूट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 34 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से नकदी ऐंठ ली थी।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दिले राम ने शिकायत में बताया कि 26 मार्च को भुंतर में एक युवक ने उसे रोककर खुद को पुलिस अधिकारी बताया और डराकर ₹5,000 की नकदी छीन ली। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश तेज कर दी।
पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपी मोहित शर्मा, निवासी ढालपुर (कुल्लू), को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपी से छीनी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी की बरामदगी में जुटी है। साथ ही मामले की गहराई से जांच कर अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।