धर्मशाला: ‘महिला मंडल’ की आड़ में कथित ठगी, ग्रामीणों से करीब 20 लाख रुपये ऐंठकर महिला फरार

27 फरवरी: जिला कांगड़ा के धर्मशाला उपमंडल के अंतर्गत सुधेड़ गांव में एक महिला पर ‘ब्रजेश्वरी महिला मंडल’ के नाम पर वित्तीय धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार आरोपी महिला ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से लगभग 20 लाख रुपये एकत्र करने के बाद फरार हो गई।

बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पूर्व आरोपी ने मंडल बनाकर कमेटी की शुरुआत की थी। प्रारंभ में कुछ सदस्यों को समय पर भुगतान कर भरोसा कायम किया गया। इसके बाद अधिक रिटर्न का भरोसा देकर लोगों को ज्यादा धन निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।

पीड़ितों का आरोप है कि कई महिलाओं ने बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतों के लिए जमा पूंजी तक निवेश कर दी। कुछ ने जेवर गिरवी रखकर और उधार लेकर भी रकम डाली। जब कुल राशि लगभग 20 लाख रुपये तक पहुंच गई, तो आरोपी महिला कथित रूप से घर खाली कर फरार हो गई।

प्रियंका शर्मा सहित कई पीड़ित महिलाओं ने धर्मशाला थाने में सामूहिक शिकायत दर्ज करवाई है। एएसपी कांगड़ा आरपी जसवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश जारी है।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि बिना सरकारी पंजीकरण और वैधानिक अनुमति वाली कमेटियों या चिटफंड योजनाओं में निवेश न करें तथा किसी भी योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी विश्वसनीयता की पूरी जांच करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *