11 मार्च: राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के टूर एंड ट्रैवल विभाग के विद्यार्थियों ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया। उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया की मौजूदगी में विद्यार्थियों को धारकंडी क्षेत्र के लिए रवाना किया।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने सल्ली घाटी, बोह घाटी और आसपास के क्षेत्रों में ग्रामीण पर्यटन, सांस्कृतिक परंपराओं और प्राकृतिक स्थलों का अध्ययन किया। सल्ली वैली पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विद्यार्थियों का ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक व्यंजनों के साथ स्वागत किया।
विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर पर्यटन से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं और धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का भी दौरा किया। टूर एंड ट्रैवल विभाग के अनुसार छात्र इस अनुभव के आधार पर अपनी शोध रिपोर्ट तैयार करेंगे, जो पर्यटन विकास के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।