2 अप्रैल : धर्मशाला के इंडोर स्टेडियम में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां बैडमिंटन खेलते समय एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, नूरपुर क्षेत्र के भड़वार निवासी 32
वर्षीय विजय कुमार खेल के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया।
टांडा पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
विजय कुमार धर्मशाला में एक निजी संस्थान में कार्यरत थे और अपने परिवार के साथ यहीं रह रहे थे। उनकी अचानक मृत्यु से क्षेत्र में शोक का माहौल है।