दिल्ली समेत कई जगहों पर धूल भरी हवाएं, इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

01 अप्रैल। देश में मौसम तेजी से बदल रहा है। ओडिशा में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है तो अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं आज राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल में धूल भरी हवाएं (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से) चल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर और पूर्वी भारत में अप्रैल से जून तक दिन का तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। आईएमडी के मुताबिक दक्षिण भारत के अधिकतर हिस्सों, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर आदि क्षेत्रों में अधिकतम तापमान के सामान्य स्तर से कम रहने का अनुमान है।

अभी से ही लू का सामना कर रहे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों वाले राज्यों में अगले दो दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों में 5 डिग्री तक तापमान गिर सकता है। हालांकि, ये राहत बहुत कम समय के लिए होगी और 3 तारीख से लू के चलने का सिलसिला फिर से शुरू होगा। बीते हफ्ते देश के कई राज्यों में गर्मी ने हाल बेहाल कर दिया था। ओडिशा में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं राजस्थान में बीते हफ्ते 43 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया था।

इन राज्यों में धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति के साथ मध्यम से तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है।

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

उत्तर पूर्वी भारत और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की उम्मीद है। केरल, जम्मू कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और लद्दाख के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *