05 फरवरी: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुंदरनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। डैहर में नाकेबंदी के दौरान दिल्ली से मनाली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस से 7 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खेम सिंह (32) पुत्र तिलक राज निवासी गांव साहल, डाकघर कुन्नू, तहसील पधर, जिला मंडी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात एसआई दौलत राम के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल कुलदीप और सतीश कुमार की टीम डैहर में वाहनों की नियमित चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली से मनाली जा रही एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका गया। बस की तलाशी के दौरान सीट नंबर-30 पर बैठे एक युवक का व्यवहार संदिग्ध पाया गया, जो पुलिस को देखकर घबरा गया।
शक के आधार पर जब युवक के बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से एक लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें 7 ग्राम चिट्टा पाया गया। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके।