तरकेड़ी गांव में शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ, प्रथम दिवस निकली कलश यात्रा

09 फरवरी : तरकेड़ी गांव में आयोजित शिव महापुराण कथा के प्रथम दिवस श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के शुभारंभ पर गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय गीतों से पूरा गांव शिवमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

आगामी सात दिनों तक व्यास पीठ पर माण्डव्य रामानंद व्यास भगवान शिव की पावन गाथाओं का वाचन करेंगे। कथा को लेकर गांववासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। गांव निवासी एवं संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि कथा सात दिनों तक निरंतर चलेगी।

प्रथम दिवस ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से लगभग 25–30 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल काली नाथ कालेश्वर महादेव मंदिर कूहना में पहुंचकर पवित्र स्नान किया और भगवान शिव की आराधना की। इसके उपरांत गांव के मंदिर से कलश यात्रा प्रारंभ कर पूरे गांव की परिक्रमा की गई तथा गांव की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की गई।

इस अवसर पर श्रवण कुमार शर्मा द्वारा श्रीमद्भागवत के साथ की गई गांव परिक्रमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रथम दिवस पूजन-अनुष्ठान संस्कृत अध्यापक पंकज कुमार शास्त्री एवं उनकी धर्मपत्नी वंदना शर्मा द्वारा मुख्य यजमान के रूप में संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों व श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *