डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने “जोगिन्दर नगरा रे नजारे” वीडियो गाने का पोस्टर किया लॉन्च

Spread the love

बोले- जोगिन्दर नगर उपमंडल को धार्मिक व पर्यटन दृष्टि से विश्व पटल लाने को हो रहे हैं प्रयास

आवाज़ ए हिमाचल

जतिन लटावा,  जोगिंद्र नगर 

  21 मार्च। जोगिन्दर नगर उपमंडल को धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से विश्व पटल पर लाने के लिये जोगिन्दर नगर प्रशासन ने जोगिन्दर नगरा के नजारे वीडियो गाने को आज विधिवत जारी किया। एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने हर्बल गार्डन के सम्मेलन कक्ष में इस गाने का पोस्टर जारी कर इसकी लांचिंग की। लॉन्च

इस मौके पर उन्होंने कहा कि “जोगिंद्र नगरा रे नजारे” गाने के माध्यम से यहां के प्रसिद्ध धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों से न केवल लोगों को जोड़ने का प्रयास किया गया है, बल्कि पर्यटक की दृष्टि से जोगिन्दर नगर उपमंडल और आकर्षित हों इस दिशा में कार्य करने का प्रयास हुआ है। उन्होंने कहा कि जोगिन्दर नगर उपमंडल में धार्मिक, ऐतिहासिक तथा प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से कई अहम स्थल मौजूद हैं, जिस बारे लोगों को जानने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि इस पहाड़ी गाने के माध्यम से लोगों का न केवल मनोरंजन होगा, बल्कि उन्हें  जोगिन्दर नगर उपमंडल की जानकारी भी प्राप्त होगी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि  जोगिन्दर नगर ही नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ देशभर के लोगों को यह गाना जरूर पसंद आएगा तथा मनोरंजन के माध्यम से वे जोगिन्दर नगर के बारे में भी जान सकेंगे।

एसडीएम ने कहा कि जोगिन्दर नगर उपमंडल की जानकारी को विश्व पटल पर लाने के लिये जहां सोशल मीडिया का व्यापक इस्तेमाल करते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर का फेसबुक पेज शुरू किया है तो वहीं यूट्यूब चैनल के साथ-साथ टयूटर तथा इंस्टाग्राम से भी लोगों को जोड़ने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने इस गाने को तैयार करवाने में सभी शामिल लोगों को भी बधाई दी तथा प्रशासन की इस मुहिम से जड़ने के लिये आभार भी जताया।

इस मौके पर  बीडीओ चौंतड़ा विवेक चौहान, थाना प्रभारी जोगिन्दर नगर प्रीतम जरयाल, एपीआरओ राजेश जसवाल, रोटरी संस्था के असिस्टेंट गवर्नर अजय ठाकुर, रोटेरियन मेजर जीएस बरवाल, गायक जोनी ठाकुर सहित गाने से जुड़े सभी लोग मौजूद रहे।


जोगिन्दर नगर उपमंडल में मौजूद हैं धार्मिक व ऐतिहासिक स्थान

जोगिन्दर नगर उपमंडल में धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से कई प्रसिद्ध स्थान मौजूद हैं जिनमें संतान दात्री मां सिमसा, नागेश्वर महादेव कुड्ड, त्रिवेणी महादेव, मां चतुर्भुजा, मछिंद्रनाथ मच्छयाल, मां बंडेरी, लक्ष्मी नारायण मंदिर नेर, ऐतिहासिक करणपुर किला, शानन व बस्सी पन बिजली परियोजनाएं इत्यादि प्रमुख हैं। इसके अलावा प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से भी जोगिन्दर नगर कम खूबसूरत नहीं है। जोगिन्दर नगर उपमंडल विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट्स बीड़-बीलिंग के साथ सटा हुआ है, ऐसे में पर्यटकों को जोगिन्दर नगर की ओर आकर्षित करने को स्थानीय प्रशासन लगातार प्रयासरत है।

जोनी ठाकुर ने गाने को किया है स्वरबद्ध तो नेर महिला मंडल ने किया है खूबसूरत नृत्य

“जोगिन्दर नगरा रे नजारे” गाने को यहां की प्रसिद्ध लोक गायिका जोनी ठाकुर ने गाया है तो वहीं महिला मंडल नेर की महिलाओं ने खूबसूरत नृत्य प्रस्तुत किया है। इस गाने को संगीतबद्ध देव नेगी तो छायांकन पंकज सूयाल ने किया है तथा गाने के बोल राम चंद ठाकुर न लिखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *