आवाज ए हिमाचल
12 जनवरी।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक डी.एस. ठाकुर ने चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में पुलिस की विशेष जांच टीम पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना साफ दर्शाती है कि कांग्रेस शासन में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
डी.एस. ठाकुर ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही पुलिस टीम पर भीड़ द्वारा हमला किया जाना, पत्थरबाजी कर तस्कर को छुड़ाना, सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाना और एक महिला पंचायत प्रधान तक पर एफआईआर दर्ज होना—ये सभी घटनाएं कांग्रेस राज में अपराधियों को मिली खुली छूट का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना करना भी बेमानी है।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नशा माफिया और तस्करों के आगे कांग्रेस सरकार पूरी तरह बेबस नजर आ रही है। पुलिस पर हमला केवल कानून व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि सरकार की इच्छाशक्ति की असफलता भी है। कांग्रेस सरकार के संरक्षण में असामाजिक तत्व बेलगाम हो चुके हैं।
ठाकुर ने सवाल उठाया कि जब 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होती है और अधिकांश आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या कांग्रेस सरकार अपराधियों को बचाने में लगी हुई है?उन्होंने मांग की कि पुलिस पर हमला करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून सहित सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी कानून को चुनौती देने का दुस्साहस न कर सके।डी.एस. ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस सरकार ने तुरंत कानून व्यवस्था को पटरी पर नहीं लाया, तो भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में जन आंदोलन छेड़कर सरकार की नाकामी को जनता के सामने उजागर करेगी।
