डा. दविंदर सिंह ने प्राप्त किया संत बाबा इक़बाल सिंह जी को मरणोपरान्त मिला पद्म श्री सम्मान

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

जीडी शर्मा, राजगढ़

29 मार्च। कलगीधर ट्रस्ट बड़ू साहिब के पूर्व अध्यक्ष एवं अकाल अकादमी के संस्थापक विद्या मार्तण्ड शिरोमणि पंथ रतन संत बाबा इकबाल सिंह जी को मरणोपरान्त पद्म श्री सम्मान राष्ट्रपति भवन दिल्ली में मिला है। यह राष्ट्रीय सम्मान कलगीधर ट्रस्ट बडू साहिब के वर्तमान अध्यक्ष डा. दविंदर सिंह ने प्राप्त किया।

संत बाबा इकबाल सिंह को समाज सेवा के लिए पद्मश्री सम्मान के लिए नामित किया गया था, लेकिन इस घोषणा के तीन दिन बाद ही वह दिव्य ज्योति में लीन हो गए थे। संत बाबा इकबाल सिंह जी ने बडू साहिब में मात्र 5 विद्यार्थिओं के साथ शिक्षा की जो मशाल अकाल अकादमी की स्थापना से जलाई, वह आज उत्तरी भारत के 5 राज्यों हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में 70 हजार बच्चों को 129 अकाल अकादमियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की मशाल बन चुकी है।

ट्रस्ट के दो विश्वविद्यालय भी है, जबकि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अनेकों प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे है। इसके अतिरिक्त युवाओं को नशे की चपेट से बचाव हेतू नशा निवारण के लिए भी प्रभावी कार्य नशा-मुक्ति केंद्रों के माध्यम से किए जा रहे है। बाबा इकबाल सिंह जी का अधिकतर समय हिमाचल के बडू साहिब में ही गुजरा।

उन्होंने कई दशकों तक कृषि विभाग में सरकारी सेवा की और हिमाचल प्रदेश कृषि विभाग के निदेशक पद से वर्ष 1986 में सेवानिवृत्त हुए। उसके पश्चात का उनका सारा जीवन शिक्षा प्रसार, अध्यात्म व समाजसेवा में ही गुजरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *