20 फरवरी: विद्युत उपमंडल डल्हौजी के अंतर्गत बिजली बिल जमा न करवाने वाले 296 उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी रूप से काटने के आदेश जारी किए गए हैं। जनवरी 2026 के बिलों का भुगतान न करने पर 29 जनवरी को 500 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद भी 296 उपभोक्ताओं ने बकाया राशि जमा नहीं करवाई।
विभाग के अनुसार इन उपभोक्ताओं पर कुल 21,11,640 रुपये बकाया हैं। इसमें 134 घरेलू उपभोक्ताओं पर 6,38,325 रुपये, 141 व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर 13,02,587 रुपये, 5 लघु उद्योग उपभोक्ताओं पर 50,530 रुपये, 4 अस्थायी उपभोक्ताओं पर 37,238 रुपये तथा 12 एनडीएनसी उपभोक्ताओं पर 82,960 रुपये शामिल हैं।
विद्युत अधिनियम 2003 और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली आपूर्ति बहाल करवाने के लिए उपभोक्ताओं को बकाया राशि के साथ 250 रुपये पुनः संयोजन शुल्क जमा करना होगा।
सहायक अभियंता रमणीक सिंह ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करवाने की अपील की है। साथ ही बताया गया है कि 26 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि से डाटा सेंटर सॉफ्टवेयर अपग्रेड के चलते बिलिंग और ऑनलाइन भुगतान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।