बीबीएन | 4 फरवरी | कविता एस. गौतम
पुलिस थाना बद्दी के अंतर्गत मजदूरों के साथ धोखाधड़ी और वेतन हड़पने के मामले में लक्ष्मी एंटरप्राइजेज के मालिक विपिन कुमार और उसके भाई सुंदर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस संबंध में एम.वी.एम. इंडस्ट्रीज झाड़माजरी के प्लांट हेड अनुज कुमार द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायत में बताया गया कि कंपनी ने मजदूरों के वेतन भुगतान के लिए संबंधित ठेकेदार को बैंक के माध्यम से करीब ₹13,06,232 की राशि ट्रांसफर की थी, लेकिन आरोपियों ने यह राशि मजदूरों को न देकर अपने निजी उपयोग में ले ली।
वेतन का भुगतान न होने के कारण कंपनी को मजबूरन मजदूरों को अपने स्तर पर दोबारा वेतन देना पड़ा। इसके अलावा आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मजदूरों के ईएसआई और पीएफ की राशि काटी गई, लेकिन उसे संबंधित विभागों में जमा नहीं करवाया गया। मजदूरों द्वारा राशि की मांग करने पर उन्हें डराने-धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
डीएसपी योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।