चुवाड़ी कॉलेज वार्षिक समारोह में मेधावी सम्मानित, भटियात में बनेगी ग्लोबल स्किल्स एंड डिजिटल यूनिवर्सिटी

25 फरवरी: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुवाड़ी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बनाया।

सभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता स्थापित हो रही है। सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, परिणामोन्मुखी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेषकर ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने घोषणा की कि भटियात विधानसभा क्षेत्र की सिहुंता तहसील के मौहल चलेरा में ‘ग्लोबल स्किल्स एंड डिजिटल यूनिवर्सिटी’ स्थापित की जाएगी। इस विश्वविद्यालय के माध्यम से युवाओं को कौशल-आधारित, व्यावसायिक एवं उद्योगोन्मुखी शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी और उद्यमशीलता को बढ़ावा मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में लोक निर्माण एवं जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 300 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही चुवाड़ी में मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य इसी वर्ष शुरू करने की घोषणा भी की।

उन्होंने महाविद्यालय परिसर में 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित गर्ल्स कॉमन रूम का उद्घाटन किया, जिसमें छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

इससे पूर्व महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। विधानसभा अध्यक्ष ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 31 हजार रुपये तथा कॉलेज के गायक करण को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *